श्री माहेश्वरी पंचायत भवन मदनगंज-किशनगढ़
सामुदायिक संगठन • सामाजिक सेवा
लगभग 65 वर्षों से सक्रिय यह संस्था माहेश्वरी समाज के हितों की रक्षा, सामाजिक विकास और सामुदायिक एकता के लिए समर्पित है।
संस्था का विस्तृत इतिहास
आज से लगभग 69 वर्ष पूर्व संवत् 2015 (सन् 1958) के दशहरा पर्व के अवसर पर श्री माहेश्वरी नवयुवक मण्डल का गठन किया गया। इस गठन से पूर्व एवं पश्चात् माहेश्वरी समाज की गतिविधियां इसी मंच से संचालित की जाती रही। समाज के कार्य हित भवन क्रय करने का निर्णय लिया गया। क्रय करने में शिवरतन जी टवाणी का विशेष सहयोग रहा। इस हेतु एक ट्रस्ट का गठन किया गया। सर्व श्री शिवरतनजी टवाणी, मनोहरलालजी बाहेती, मांगीलालजी दरगड़, बालूरामजी आगीवाल, बसन्तीलालजी राठी, इन्दरचन्दजी लखोटिया, मांगीलालजी लखोटिया, बालचन्दजी डागा, घनश्यामदासजी बियाणी, श्रीगोपालजी ईनाणी ने मिलकर भवन क्रय करने संबंधी कार्य को सम्पन्न किया। श्री मोतीलालजी लखोटिया का भी इसमें विशेष योगदान रहा।
महेश जयन्ती 1965, को सत्र 1965-66 के लिये प्रथम बार औपचारिक रूप से अध्यक्ष, मंत्री का निर्वाचन सम्पन्न हुआ। संस्था में प्रारम्भ से ही विधान और नियमावली की रचना करने, समय-समय पर संशोधन करने और लिखित रूप से तैयार करने की परम्परा रही है। परिणाम स्वरूप सन् 1976 में लिखित विधान एवं नियमावली की रचना की गई। समय-समय पर यथावश्यक संशोधन, परिवर्तन एवं परिवर्द्धन के बाद जून 1981, 10 जून 2000, 01 जून 2009 एवं 10 अप्रैल 2012 को विधान एवं नियमावली का मुद्रण कराकर प्रकाशन किया गया।
संस्था का नाम प्रारम्भ से ही श्री माहेश्वरी पंचायत, मदनगंज-किशनगढ़ प्रचलित रहा जो पंजीयन पश्चात् 10 अप्रैल 2012 से श्री माहेश्वरी पंचायत संस्था, मदनगंज-किशनगढ़ के नाम से जाना जाने लगा। संस्था के सभी सदस्यों के समावेश से गठित सभा का नाम 10 जून 2000 से पूर्व तक श्री माहेश्वरी पंचायत महासभा था। 10 जून 2000 से इसका नाम श्री माहेश्वरी पंचायत साधारण सभा रखा गया।
संस्था को पंजीकृत कराने हेतु कई बार प्रस्ताव पारित किये गये। सत्र 2011-13 में पंजीयन हेतु आवेदन किया गया। दिनांक 10 अप्रैल 2012 से यह एक पंजीकृत संस्था है। रजिस्ट्रार संस्थाएँ, अजमेर द्वारा पंजीयन क्रं. 10/अजमेर/2012-13 दिनांक 10.04.2012 पर संस्था को पंजीकृत किया। कार्यकारिणी समिति का कार्यकाल पूर्व में 1 वर्षीय था, 2007-09 से कार्यकाल में वृद्धि कर 2 वर्षीय किया गया।
इस संस्था के घटक संगठन हैं: श्री माहेश्वरी महिला मण्डल, श्री माहेश्वरी नवयुवक मण्डल, श्री माहेश्वरी तरूण मण्डल। कुछ अवधि के लिए श्री माहेश्वरी बालिका मण्डल भी सक्रिय रहा था। श्री माहेश्वरी महिला मण्डल का गठन 09 जून 1992 को महेश जयन्ती के पावन पर्व पर किया गया था। श्री माहेश्वरी नवयुवक मण्डल का गठन दशहरे के पर्व पर सन् 1958 में किया गया।
संस्था के मंडल
- श्री माहेश्वरी महिला मंडल - 09 जून 1992 से
- श्री माहेश्वरी नवयुवक मंडल - 1958 से
- श्री माहेश्वरी तरुण मंडल
- श्री माहेश्वरी बालिका मंडल (पूर्व में सक्रिय)
उपरोक्त समस्त जानकारी उपलब्ध अभिलेख एवं माहेश्वरी समाज के वरिष्ठजनों से विमर्श के बाद ही आपके समक्ष रखे जा रहे हैं, फिर भी यदि किसी भी प्रकार की भूल रही हो तो उसके लिए हम क्षमाप्रार्थी हूँ।